यात्रियों के सामने दबंगों की गुंडागर्दी
पुरानी रंजिश में बस रोककर की मारपीट
वीडियो बना रहे यात्री से भी बदसलूकी; मामला दर्ज
विजयपुर। जिले के आलमेल तालुक के कल्लहल्ली गांव के पास ड्यूटी पर तैनात उत्तर-पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) के बस परिचालक पर कुछ दबंगों ने चलती बस रोककर हमला कर दिया। घटना में परिचालक मल्लू लमाणी घायल हो गए। सार्वजनिक परिवहन कर्मी पर खुलेआम हुए इस हमले से यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में पुरानी रंजिश बताई जा रही है। शुक्रवार को मदरी गांव बस स्टैंड के पास सडक़ पर खड़े एक ऑटो रिक्शा को यात्रियों की सुविधा के लिए हटाने को लेकर परिचालक मल्लू लमाणी और ऑटो रिक्शा चालक संतोष देवूर के बीच विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों ने उस समय दोनों पक्षों को शांत करा दिया था।
आरोप है कि शनिवार को संतोष देवूर अपने साथियों के साथ मदरी गांव के पास बस को रोककर जबरन भीतर घुस गया। आरोपियों ने परिचालक के साथ गाली-गलौज करते हुए उनकी छाती पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वह बस के भीतर ही गिर पड़े। इस दौरान घटना का वीडियो बना रहे एक यात्री के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले में आलमेल पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

