किराए के कमरों में पढऩे को मजबूर नौनिहाल
जर्जर इमारतें, टपकती छतें और जगह की कमी बनी चुनौती
अभिभावकों ने उठाए सुरक्षा और सुविधाओं पर सवाल
कारवार (उत्तर कन्नड़)। उत्तर कन्नड़ जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों की बदहाल स्थिति बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। जिले में 297 आंगनवाड़ी केंद्र आज भी अपने भवन से वंचित हैं और किराये के भवनों, पंचायत भवनों, सामुदायिक केंद्रों अथवा सरकारी स्कूलों में संचालित हो रहे हैं। कई स्थानों पर बच्चों को जर्जर, संकरे और असुरक्षित कमरों में पढऩे को मजबूर होना पड़ रहा है।
जर्जर भवनों में चल रहे केंद्र
कारवार शहर में भी कई आंगनवाड़ी किराये के छोटे कमरों में संचालित हो रही हैं। अभिभावकों का कहना है कि शहर में किराया अधिक होने और विभाग की ओर से कम किराया तय किए जाने के कारण सुरक्षित एवं सुविधायुक्त भवन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। कई केंद्रों में बरसात के दौरान छत टपकती है, जबकि कुछ के आसपास सुरक्षा दीवार तक नहीं है।
अधिकांश तालुकों में एक जैसी स्थिति
सिरसी में 48, होन्नावर में 46, कुमटा में करीब 30, जोयडा में 23, मुंडगोड में 16 तथा अन्य कई तालुकों में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी केंद्र किराए के भवनों या स्कूल परिसरों में संचालित हो रहे हैं। सिद्धापुर में जर्जर भवनों के कारण 15 केंद्रों को स्कूलों और पंचायत भवनों में स्थानांतरित करना पड़ा है, जबकि यल्लापुर के कोटेमने आंगनवाड़ी भवन में दीवारों में दरारें आने से उसे भी स्थानांतरित करने की तैयारी चल रही है।
बारिश में बढ़ जाती हैं मुश्किलें
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बरसात में कई भवनों में पानी टपकता है, जिससे बच्चों और कर्मचारियों को भारी परेशानी होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित किराया कम होने के कारण बेहतर भवन मिलना मुश्किल है। कुछ स्थानों पर समय पर केंद्र संचालित नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक पद्मावती जी. ने कहा कि जहां भवन जर्जर पाए जा रहे हैं, वहां आंगनवाडिय़ों को सुरक्षित भवनों में स्थानांतरित किया जा रहा है। वहीं, संबंधित अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि उपलब्ध होने पर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने सरकार से बच्चों के लिए सुरक्षित और स्थायी आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण की मांग की है।
उत्तर कन्नड़ जिले में रिक्त आंगनवाड़ी पद
तालुक — रिक्त आंगनवाड़ी पद
करवार — 71
अंकोला — 23
कुमटा — 34
होन्नावर — 46
भटकल — 03
सिरसी — 43
सिद्धापुर — 04
यल्लापुर — 01
मुंडगोड — 16
हलियाल — 17
डांडेली — 16
जोयडा — 23
कुल — 297
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

