सिरुगुप्पा से केंचनगुड्डा जाने वाले पुराने मार्ग पर बड़े गड्ढे और कांटेदार झाडिय़ां बनीं मुसीबत
सिरुगुप्पा (बल्लारी)। तालुक के केंचनगुड्डा गांव को जोडऩे वाली पुरानी सडक़ पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह डामर उखडऩे और बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों तथा ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ के दोनों ओर उगी झाडिय़ां और कांटेदार पेड़ भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं।
सिरुगुप्पा शहर से केंचनगुड्डा जाने वाले इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आवागमन करते हैं। लेकिन सडक़ के दोनों किनारों पर उगी कांटेदार झाडिय़ां सडक़ तक फैल गई हैं। विशेषकर मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
मोड़ पर सामने का वाहन दिखना मुश्किल
स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार सडक़ किनारे उगी झाडिय़ों के कारण सामने से आने वाले वाहन का समय पर पता नहीं चलता। ऐसे में वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोपहिया वाहनों से तालुक केंद्र आने-जाने के दौरान कांटेदार झाडिय़ों की शाखाएं कई बार हाथ, पैर और चेहरे से टकराकर चोट पहुंचाती हैं। छोटे-मोटे हादसों की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पंचायत अधिकारियों के ध्यान में समस्या लाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
तत्काल सडक़ मरम्मत की मांग
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने संबंधित लोक निर्माण विभाग तथा पंचायत राज विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सडक़ की मरम्मत कराने और सडक़ के दोनों ओर उगी झाडिय़ों को हटाने की मांग की है। साथ ही खराब सडक़ के स्थान पर नई सडक़ बनाने की भी मांग उठाई है।
एक वाहन चालक ने कहा कि अंधेरा होने के बाद झाडिय़ों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। ऐसे में दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
‘विकास कार्यों के साथ झाडिय़ां हटाएंगे’
केंचनगुड्डा की पंचायत विकास अधिकारी मंजुला ने कहा कि यह समस्या अभी हमारे ध्यान में नहीं आई थी। वर्तमान में वीर राम जी योजना के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के साथ इसे शामिल कर सडक़ किनारे उगी झाडिय़ों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

