मुद्देबिहाल के बळबट्टी गांव की घटना
पिता की तलाश में दमकल और पुलिस का अभियान जारी
विजयपुर। मुद्देबिहाल तालुक के बळबट्टी गांव में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। कुएं से दो सगी बहनों के शव बरामद हुए, जबकि उनके पिता साबण्णा बरगी लापता हैं। मृत बालिकाओं की पहचान 15 वर्षीय रक्षिता बरगी और 10 वर्षीय साक्षी बरगी के तौर पर की गई है।
कुएं में कूदने की आशंका
बताया जा रहा है कि बालिकाओं के पिता साबण्णा भी कुएं में कूदे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। कुएं का पानी पूरी तरह बाहर निकालने के बावजूद साबण्णा का शव नहीं मिला।
कई सवाल, जांच जारी
साबण्णा ने पहले दोनों बेटियों को कुएं में धकेला और बाद में आत्महत्या कर ली, या फिर कुएं से बाहर निकलकर कहीं चले गया—इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। घटना का वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
साबण्णा की चार बेटियां हैं। दो बेटियों की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा
मुद्देबिहाल दमकल केंद्र के प्रभारी तिप्पण्णा नावदगी के नेतृत्व में कर्मचारी सुभाष राठौड़, तम्मण्णा गौडर, विरूपाक्ष पूजारी, श्रीशैलगौड़ा पाटील, राजू राठौड़ और लक्ष्मण करनालगी ने तलाशी अभियान में हिस्सा लिया।
घटना निडगुंदी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें साबण्णा की तलाश में जुटी हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

