10 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप
कृषि भूमि का सर्वे और स्केच तैयार करने के लिए मांगी थी रकम
2 लाख रुपए अग्रिम लेते समय पकड़े गए
चिक्कमगलूरु। कृषि भूमि का सर्वे कर स्केच तैयार करने के बदले 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगने वाले दो सर्वेयर लोकायुक्त के जाल में फंस गए। दोनों को 2 लाख रुपए की अग्रिम रिश्वत लेते समय हिरासत में लिया गया। पकड़े गए सर्वेयरों की पहचान चिक्कमगलूरु तालुक के दोरेराज और रंगनाथ के तौर पर की गई है।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
चिक्कमगलूरु शहर के बाहरी इलाके इंदावर गांव निवासी धरणेश ने अपनी कृषि भूमि का सर्वे कर उसका स्केच तैयार कराने के लिए अधिकारियों से संपर्क किया था। आरोप है कि इसी दौरान दोनों सर्वेयरों ने काम कराने के लिए 10 लाख रुपए रिश्वत की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान धरणेश ने चिक्कमगलूरु लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अधिकारियों ने कार्रवाई की योजना बनाई।
निजी कार्यालय में लेते पकड़े गए
लोकायुक्त अधिकारियों ने जाल बिछाकर दोनों सर्वेयरों को उनके निजी कार्यालय में 2 लाख रुपए की अग्रिम राशि लेते समय पकड़ लिया। दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई चिक्कमगलूरु लोकायुक्त के पुलिस उपाधीक्षक पी. तिरुमलेश के नेतृत्व में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

