आइटीओ के पास बेकाबू स्विफ्ट ने विधायक सवार इनोवा को मारी टक्कर; सभी की हालत स्थिर
बेलगावी। दिल्ली के व्यस्त आइटीओ इलाके में रविवार रात हुए भीषण सडक़ हादसे में दो विधायकों समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण के विधायक अभय पाटील और दिल्ली के किराड़ी के विधायक अनिल झा शामिल हैं। सभी की हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई गई है।
विभाजक से टकराकर विधायक की कार से भिड़ी
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 9.30 बजे हुआ। लक्ष्मीनगर से आइटीओ की ओर जा रही स्विफ्ट कार को आशुतोष पांडे चला रहे थे। कार में उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी सवार थे।
पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद रेलिंग पार करते हुए आइटीओ से लक्ष्मीनगर की ओर जा रही विधायक सवार इनोवा से जा भिड़ी।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में छह लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आइपी एस्टेट थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अग्निशमन दल को भी बुलाया गया और बाद में दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटाया गया।
हादसे के कारण आइटीओ क्रॉसिंग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

