चीनी कीमतों पर केंद्र सख्त
हुब्बल्ली। देश में चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने कीमतों पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि बाजार में उपलब्ध चीनी के अतिरिक्त भंडार को शीघ्र जारी कर कीमतों को नियंत्रित किया जाएगा।
हुब्बल्ली में पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा कि उपभोक्ताओं को पहले के दाम पर चीनी उपलब्ध कराने के निर्देश पहले ही राज्य सरकारों को दिए जा चुके हैं। साथ ही अफवाह फैलाकर कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
जरूरत से अधिक है चीनी का भंडार
जोशी ने कहा कि देश में सालाना करीब 280 लाख टन चीनी की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में करीब 306 लाख टन चीनी का भंडार उपलब्ध है। देश में चीनी की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता से अधिक भंडार होने के बावजूद यदि कीमतें बढ़ रही हैं तो उपलब्ध स्टॉक को उचित मात्रा में बाजार में उतारकर कीमतों पर नियंत्रण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है। कीमतों को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया जाएगा। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में इस दिशा में पहले ही कार्रवाई शुरू की जा चुकी है।
महानगर निगमों को अनुदान नहीं मिलने का आरोप
जोशी ने राज्य सरकार पर महानगर निगमों को अपेक्षित अनुदान जारी नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त धनराशि नहीं मिलने से कर्मचारियों के वेतन, पेयजल आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं के रखरखाव में परेशानी हो रही है। सडक़, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्यों के लिए भी धन की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

