महिला के साथ फोटो डालने पर पति-पत्नी ने दरांती से हमला कर जान लेने का आरोप
बेलगावी। जिले के मूडलगी तालुक के कल्लोली गांव में व्हाट्सएप स्टेटस को लेकर एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। कथित अवैध संबंध के संदेह में एक दंपति ने व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों सीधे घटप्रभा पुलिस थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया।
महिला के साथ फोटो से भडक़ा पति
मृतक की पहचान गुजनट्टी गांव निवासी रमेश हनुमंत बंट्रोळी (40) के तौर पर की गई है। बताया गया है कि रमेश बनप्पा ओडेयर की जमीन बंटाई पर लेकर खेती करता था। पुलिस के अनुसार, रमेश ने बनप्पा की पत्नी लक्ष्मी के साथ खिंचवाई गई तस्वीर व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाई थी। दोनों के बीच कथित अवैध संबंध होने का संदेह भी जताया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज बनप्पा और लक्ष्मी ने सोमवार शाम कल्लोली क्षेत्र के पास रमेश पर धारदार हथियार से हमला किया। सिर और गर्दन पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
दंपति न्यायिक हिरासत में
घटना के बाद बनप्पा और लक्ष्मी घटप्रभा थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक, गोकाक के पुलिस उपाधीक्षक और घटप्रभा थाना निरीक्षक एच.डी. मुल्ला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

