रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को डीआरयूसीसी सदस्य बीरबल एम. बिश्नोई ने भेजा पत्र
हुब्बल्ली। दक्षिण-पश्चिम रेलवे, (दपरे) हुब्बल्ली मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) के सदस्य बीरबल एम. बिश्नोई ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हुब्बल्ली से राजस्थान के लिए अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू करने तथा मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि हुब्बल्ली उत्तर कर्नाटक का प्रमुख रेलवे केंद्र होने के साथ राजस्थान एवं उत्तर भारत की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले एक दशक में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राजस्थान और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में लोग उत्तर कर्नाटक में आकर बसे हैं, जिसके कारण राजस्थान जाने वाली ट्रेनों की मांग लगातार बढ़ रही है।
मौजूदा ट्रेनों में भारी प्रतीक्षा सूची
बिश्नोई ने बताया कि हुब्बल्ली से वर्तमान में जोधपुर, अजमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और बाड़मेर के लिए विभिन्न रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन अधिकांश ट्रेनें सप्ताह में केवल एक या दो दिन चलती हैं। यात्रियों को करीब दो महीने पहले आरक्षण कराने के बावजूद पुष्टि टिकट नहीं मिल पाता और प्रतीक्षा सूची काफी लंबी रहती है।
बाड़मेर एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग
पत्र में ट्रेन संख्या 14805 यशवंतपुर-बाड़मेर एसी एक्सप्रेस के फेरे सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर कम से कम दो या तीन दिन करने का अनुरोध किया गया है।
इसके अलावा हुब्बल्ली से जोधपुर अथवा बीकानेर के लिए नई सीधी एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में कम से कम दो-तीन दिन चलाने की मांग की गई है। प्रस्तावित ट्रेन को भीलड़ी-जालोर-समदड़ी मार्ग से चलाने का सुझाव दिया गया है, जिससे पश्चिमी राजस्थान के लिए सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
बिश्नोई ने रेल मंत्रालय से हुब्बल्ली को उत्तर कर्नाटक का प्रमुख रेलवे द्वार मानते हुए राजस्थान की ओर रेल सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने का आग्रह किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

