पांच दिन चलेगी सेवा, दावणगेरे, कडूर और आसपास के यात्रियों को मिलेगा लाभ
विजयनगर। विजयनगर रेलवे उपयोगकर्ता संघ और नंदीपुरा मठ के महेश्वर स्वामी के नेतृत्व में लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) जोन 28 अगस्त से होसपेट-अरसिकेरे के बीच नई डेमू ट्रेन सेवा शुरू करेगा। यह ट्रेन सप्ताह में पांच दिन, सोमवार से शुक्रवार तक चलेगी।
सुबह होसपेट से रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे होसपेट से रवाना होकर कोट्टूर, दावणगेरे और कडूर होते हुए दोपहर 2.20 बजे अरसिकेरे पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 2.30 बजे अरसिकेरे से रवाना होकर रात 9.30 बजे होसपेट पहुंचेगी।
नई रेल सेवा से विजयनगर जिले के पश्चिमी तालुकों से दावणगेरे की ओर आने-जाने वाले स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही अरसिकेरे से मैसूरु, हासन, बेलूर-हलेबीडु, श्रवणबेलगोला, धर्मस्थल, कुक्के सुब्रह्मण्य और मेंगलूरु जैसे पर्यटन, धार्मिक एवं शैक्षणिक स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ होगा।
विजयनगर रेलवे उपयोगकर्ता संघ ने यात्रियों की मांग पर ध्यान देने के लिए दक्षिण पश्चिम रेलवे के अधिकारियों तथा रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के अध्यक्ष वाई. यामुनेश और सचिव महेश कुरुबी ने नई सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

