ब्याडगी मंडी में तेजी से चढ़े दाम
कड्डी मिर्च 76 हजार रुपए क्विंटल तक पहुंची, कम पैदावार के बावजूद अच्छे मुनाफे की उम्मीद
हगरिबोम्मनहल्ली (विजयनगर)। सूखे और मौसम की मार से जूझ रहे हगरिबोम्मनहल्ली तालुक के मिर्च किसानों के लिए इस बार बाजार भाव राहत लेकर आया है। खेत में पैदावार भले प्रभावित हुई हो, लेकिन ब्याडगी मंडी में सूखी लाल मिर्च के बढ़ते दाम ने किसानों के चेहरे पर उम्मीद लौटा दी है। डिब्बी किस्म की मिर्च का भाव एक लाख रुपए प्रति क्विंटल की ओर बढ़ रहा है, जबकि कड्डी मिर्च को फिलहाल 76 हजार रुपए तक का भाव मिल रहा है।
तालुक के चिलगोडु, तंब्रहल्ली, मुत्कूर, कित्नूर, सीगेनहल्ली, गद्दिकेरी, नंदीपुर, कोगली और कन्नीहल्ली समेत कई गांवों में करीब 900 एकड़ में सूखी मिर्च की खेती हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कटाई से पहले ही मिर्च के अच्छे भाव मिलने से किसानों में उत्साह है।
पैदावार कम, भाव में दम
तंब्रहल्ली और चिलगोडु में बड़े पैमाने पर मिर्च की खेती हुई है। हालांकि अभी कुछ ही किसानों ने मंडी में उपज बेची है। अत्यधिक तापमान से कई गांवों में उत्पादन प्रभावित हुआ है। भूजल स्तर गिरने से सिंचाई की समस्या भी बढ़ी। इसके बावजूद समय पर कटाई शुरू होने से किसानों को राहत मिली है।
कड्डी मिर्च की पैदावार करीब 15 से 20 क्विंटल प्रति एकड़ बताई जा रही है। डिब्बी मिर्च की कटाई अभी शुरू होनी बाकी है, लेकिन मंडी में इसके भाव ने पहले ही तेजी पकड़ ली है।
आवक बढ़ी तो भाव पर दबाव
पिछले वर्ष डिब्बी किस्म को अधिकतम करीब 89,999 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिला था। इस बार किसान पिछले पांच-छह वर्षों का रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि मंडी में आवक बढऩे के साथ भाव में गिरावट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
अच्छा मुनाफा मिलने की उम्मीद
इस बार अच्छा भाव है। पैदावार थोड़ी कम हुई है, फिर भी किसानों को अच्छा मुनाफा मिलने की उम्मीद है।
–शेखशावली, मिर्च किसान, तंब्रहल्ली
किसानों के लिए राहत बने भाव
अत्यधिक तापमान से फूल झडऩे की संभावना रहती है, लेकिन ब्याडगी मंडी में अच्छे भाव किसानों के लिए राहत बने हुए हैं।
–विजय निच्चापुर, वरिष्ठ सहायक निदेशक, उद्यान विभाग, हगरिबोम्मनहल्ली
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

