योगीशगौड़ा गौडर हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसलाविनय कुलकर्णी।

विनय कुलकर्णी की जमानत रद्द, दो सप्ताह में आत्मसमर्पण का आदेश

समर्थकों में हलचल, पीडि़त परिवार ने बताया संघर्ष की जीत

धारवाड़। भाजपा नेता योगीशगौड़ा गौडर हत्याकांड में कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने कर्नाटक हाईकोर्ट की ओर से दी गई जमानत रद्द करते हुए उन्हें दो सप्ताह के भीतर संबंधित सत्र न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। न्यायाधीश प्रशांत कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह फैसला सुनाया।

हाईकोर्ट के जमानत आदेश को चुनौती देने वाले योगेशगौड़ा के भाई गुरुनाथगौड़ा गौडर ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे दस वर्षों के संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि परिवार को भारतीय न्याय व्यवस्था पर भरोसा था और अंतत: उन्हें न्याय मिला। आंदोलनकारी बसवराज कोरवर ने भी इसे संघर्ष का परिणाम बताते हुए कहा कि कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

गुरुनाथगौड़ा ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए हत्या कराई गई थी और आरोपियों को लगा था कि वे बच निकलेंगे। उन्होंने दावा किया कि विनय कुलकर्णी के साथ उनके 17 सहयोगियों की जमानत भी रद्द हुई है।

फैसले के बाद समर्थकों की भीड़

सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद विनय कुलकर्णी धारवाड़ के बाहरी इलाके स्थित अपने डेयरी परिसर में समर्थकों के साथ चर्चा करते रहे। उनके आवास के बाहर भी समर्थक जुट गए। फैसले से उनके राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

क्या है मामला

वर्ष 2016 में धारवाड़ के जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता योगीशगौड़ा की हत्या हुई थी। सीबीआई की विशेष अदालत ने अप्रेल 2026 में विनय कुलकर्णी सहित 17 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद कर्नाटक हाईकोर्ट ने जुलाई 2026 में सजा निलंबित कर विनय कुलकर्णी को सशर्त जमानत दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द कर उन्हें आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।

आगे क्या हैं कानूनी विकल्प

विनय कुलकर्णी के पास सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ उसी अदालत में पुनर्विचार याचिका दायर करने का विकल्प है। इसके बाद निर्धारित असाधारण परिस्थितियों में उपचारात्मक याचिका भी दाखिल की जा सकती है। हालांकि, अदालत के आत्मसमर्पण संबंधी आदेश का पालन करना होगा। भविष्य में परिस्थितियों में महत्वपूर्ण बदलाव होने पर नए सिरे से जमानत की मांग भी की जा सकती है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *