राहुल गांधी से निर्देश पर जारी की जाति जनगणना रिपोर्ट
सांसद जगदीश शेट्टर ने किया सवाल
बेलगावी. सांसद जगदीश शेट्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के सत्ता में रहने के दौरान राज्य की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। दूसरी ओर, वे खुद कहते हैं कि वे एक अर्थशास्त्री हैं और उन्होंने ही रिकॉर्ड बजट पेश किया है। तो आप वित्तीय स्थिति सुधार सकते थे तो आपने उसे क्यों नहीं सुधारा?
वे शहर में सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या की ओर से तत्कालीन मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा, जगदीश शेट्टर और बसवराज बोम्मई के कार्यकाल में कर्नाटक की आर्थिक स्थिति खराब हुई है कहकर लगाए गए आरोप का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि उस समय विपक्ष के नेता रहे सिद्धरामय्या ने सदन में इस पर सवाल क्यों नहीं उठाया? जिन लोगों को उस समय लाभ हुआ था, वे ही आज आलोचना कर रहे हैं। हमारे कार्यकाल के दौरान स्वीकृत किए गए कार्य आज भी चल रहे हैं। कांग्रेस विधायक खुद कह रहे हैं कि सिद्धरामय्या के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद से उन्हें कोई अनुदान नहीं मिल रहा है। राज्य में विकास कार्य ठप्प हो गया है। आर्थिक स्थिति खराब हो गई है।
शेट्टर ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही वह व्यक्ति हैं जिन्होंने कांग्रेस की ओर से लिए गए कर्ज को ब्याज सहित चुकाकर देश को बेहतर स्थिति में पहुंचाया है। जब लोग सत्ता देते हैं तो उन्हें अच्छा काम करना चाहिए, बकवास नहीं करनी चाहिए। यदि आप अपने दम पर आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं कर सकते तो पद छोड़ दीजिए। हम सुधार करेंगे।
उन्होंने कहा कि हुब्बल्ली में बलात्कार और हत्या के प्रयास के आरोपी रितेश कुमार को रविवार को पुलिस ने गोली मार दी परन्तु न तो मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और न ही उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने ऐसा साहस दिखाया। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद गुंडागर्दी पर अंकुश लगा है। राज्य सरकार को हुब्बल्ली में मुठभेड़ करने वाली पुलिस को प्रोत्साहित करना चाहिए। तब शासन प्रणाली में सुधार होगा।
शेट्टर ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में घर-घर जाकर वैज्ञानिक जाति जनगणना नहीं की गई है। जाति जनगणना रिपोर्ट गुजरात में बैठे कांग्रेस नेता राहुल गांधी का निर्देश मिलने के बाद जारी की गई है। इसे जारी करने में क्या 10 साल लग गए?
उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों में काफी गुस्सा है। अब सामने आ रहा है। आगामी दिनों में ऐसी स्थिति उत्पन्न होगी कि लोग सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।