जैन संत डॉ. वैभव रत्न विजय का किया स्वागत
चित्रदुर्ग. नगर स्थित श्री गोडी पाश्र्वनाथ जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ की ओर से आयोजित परमेश्वरी वर्षवास के अंतर्गत रविवार को जैन संत डॉ. वैभव रत्न विजय का वरघोड़ा बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम से निकाला गया।
गुरुभक्तों के जयकारों के बीच रथ एवं पालकी में विराजमान जैन संत का वरघोड़ा श्री गोडी पाश्र्वनाथ मंदिर से प्रारंभ हुआ। चढ़ावे के लाभार्थी परिवार भी साथ रहे। बैंड-बाजे और नासिक ढोल की थाप पर श्रद्धालु नाचते-गाते, जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। वरघोड़ा भगवान महावीर सर्कल से होते हुए जुना गोडी पाश्र्वनाथ मंदिर पहुंचा और दर्शन के बाद पुन: गोडी मंदिर पर आकर विसर्जित हुआ।
तपस्वियों का सम्मान
वरघोड़े के उपरांत श्री गोडी पाश्र्व भवन प्रवचन हॉल में सभी तपस्वियों का श्री संघ की ओर से तिलक, माला एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर कोबरी (गोल) प्रभावना का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्टीगण सहित बड़ी संख्या में जैन श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित थे।

