ईमेल से मिली सूचना के बाद सुनवाई स्थगित
परिसर में सघन तलाशी
कलबुर्गी. कलबुर्गी के जिला न्यायालय को मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के माध्यम से बम रखने की धमकी मिलने से हडक़ंप मच गया। एहतियात के तौर पर अदालत की सभी कार्यवाहियां तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गईं और न्यायाधीशों, वकीलों तथा पक्षकारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त संदेश में न्यायालय परिसर में बम लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी अदालत कक्षों को खाली करा दिया।
बम निरोधक दस्ते की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। न्यायालय भवन के प्रत्येक कक्ष, अभिलेखागार कक्ष और वाहन पार्किंग क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यह धमकी फर्जी हो सकती है। हालांकि, एहतियातन पूरे परिसर की दोबारा सघन जांच कराई जा रही है।
साइबर क्राइम जांच शुरू
धमकी भरा ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए साइबर क्राइम शाखा ने जांच शुरू कर दी है। आईपी एड्रेस सहित तकनीकी विवरण जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
इस घटना से कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

