रायचूर के सिंधनूर में देर रात हादसा
गर्भवती भेड़ें भी जिंदा जलीं
करीब 2 रुपए करोड़ का नुकसान
रायचूर. जिले में एक भीषण आग हादसे में करीब 700 भेड़ों की जलकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना सिंधनूर तालुक के मुक्कुंद गांव के बाहरी इलाके में शुक्रवार देर रात हुई।
पुलिस के अनुसार, हेमलता मधुसूदन ने करीब एक करोड़ रुपए की लागत से भेड़ों का बड़ा शेड बनवाया था और पिछले तीन वर्षों से यहां सैकड़ों भेड़ों का पालन किया जा रहा था। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 47 लाख रुपए की सब्सिडी भी मिली थी, जबकि बाकी रकम कर्ज लेकर निवेश की गई थी।
शेड में 700 से अधिक भेड़ें रखी गई थीं और उनकी देखभाल के लिए छह मजदूर काम कर रहे थे। शुक्रवार रात करीब 2.30 बजे अचानक शेड में आग लग गई। मजदूर उस समय गहरी नींद में थे, इसलिए आग का पता देर से चला। जब तक दमकल कर्मी, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया था।
दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पूरा शेड जलकर खाक हो चुका था। हादसे में लगभग 700 भेड़ें जिंदा जल गईं, जिनमें से 100 से ज्यादा भेड़ें गर्भवती थीं और कुछ ही दिनों में बच्चे देने वाली थीं।
बताया जा रहा है कि शेड में मौजूद 700 से अधिक भेड़ों में से 525 का बीमा कराया गया था और इसकी सूचना बीमा कंपनी को दे दी गई है। इस हादसे में करीब 2 करोड़ रुपए तक का नुकसान होने का अनुमान है।
शेड मालिक के रिश्तेदार पद्मनायडू ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल सिंधनूर ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

