दक्षिण कन्नड़ के बंटवाल में नेत्रावती नदी तट पर मिला ढेर
राजस्व विभाग की शिकायत पर पुलिस जांच शुरू
मेंगलूरु. दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक में फरंगिपेटे के पास नेत्रावती नदी किनारे बड़ी संख्या में आधार कार्ड मिलने से सनसनी फैल गई है। इस मामले में डाक विभाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च की शाम स्थानीय लोगों ने फरंगिपेटे के पास 10वें माइलस्टोन के निकट नेत्रावती नदी में तैरते हुए आधार कार्डों का ढेर देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुदु ग्राम पंचायत को दी। पंचायत अध्यक्ष रम्लान मारिपल्ला और अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और जांच करने पर पाया कि ये आधार कार्ड पुदु गांव के नागरिकों के पते वाले हैं।
मामला सार्वजनिक होने के बाद 5 मार्च को डाक विभाग के सहायक अधीक्षक और निरीक्षक ने पुदु ग्राम पंचायत तथा उस स्थान का दौरा किया जहां कार्ड मिलने की सूचना थी, हालांकि उस समय उन्हें कोई कार्ड नहीं मिला। शुक्रवार को ग्राम पंचायत ने कुछ आधार कार्ड डाक विभाग को सौंप दिए।
मिले हुए कई आधार कार्डों पर पुदु डाकघर की मुहर पाई गई है। इसके आधार पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि डाक विभाग ने इन कार्डों को संबंधित नागरिकों तक वितरित नहीं किया। इसी को लेकर अधिकारियों ने बंटवाल ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आधार कार्ड में बदलाव के लिए आवेदन करने के बाद उन्हें डाक से कार्ड मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन कई बार लंबे इंतजार के बाद उन्हें साइबर केंद्रों से प्रतियां निकलवानी पड़ती हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

