बल्लारी हॉस्टल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, 9वीं के छात्र की मौतछात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प में मृत बालक हेमंत और विलाप करते परिजन।

लोहे की रॉड से हमला

वार्डन समेत कई छात्र घायल, आरोपी छात्र फरार

बल्लारी. शहर के तालूर रोड स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में शनिवार देर रात छात्रों के बीच हुए हिंसक विवाद में 9वीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि वार्डन समेत कई छात्र घायल हो गए।

मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश मूल के हेमंत (14) के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार गुरुकुल कॉन्सेप्ट (सीबीएसई पाठ्यक्रम) स्कूल के रेजिडेंशियल हॉस्टल में मामूली बात को लेकर छात्रों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि सहपाठी भरत कुमार ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में हेमंत की मौके पर ही मौत हो गई। झगड़ा रोकने पहुंचे हॉस्टल वार्डन बिस्ले और छात्र विष्णु सहित कई अन्य छात्र भी घायल हो गए। वार्डन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुल मिलाकर आठ छात्र घायल हुए हैं, जिनका बल्लारी के विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

घटना के बाद आरोपी छात्र भरत कुमार मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बल्लारी रेंज के आईजीपी डॉ. हर्ष ने पत्रकारों को बताया कि देर रात एक छात्र ने अन्य छात्रों पर हमला कर दिया, जिसमें दुर्भाग्यवश एक छात्र की मौत हो गई। घायल छात्रों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि बाकी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस की विशेष टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। इस संबंध में ब्रूस पेट पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *