कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख
बेल्लूर गांव में वायर शॉर्ट सर्किट से हादसा
बाल-बाल बचे वैन सवार
शिवमोग्गा. जिले के होसनगर तालुक के बेल्लूर गांव में शनिवार रात चलती वैन में अचानक आग लगने से कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन जलकर राख हो गया। घटना में कार सवार दो लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, बेंगलूरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत द्यामलापुर गांव के श्रीकांत अपनी बहन की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए अपने बड़े भाई गंगाधरगौड़ा के साथ वैन से शिवमोग्गा गए थे। निमंत्रण पत्र देने के बाद दोनों बेल्लूर गांव के मुख्य मार्ग से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान वैन में अचानक वायर शॉर्ट सर्किट होने से पहले धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति भांपते ही दोनों तुरंत वैन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे।
कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया। वैन में रखी सब्जियां, साडिय़ां और अन्य कपड़े भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
सडक़ के बीचों-बीच धधकती वैन को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वाहन को बचाया नहीं जा सका और वैन पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलने पर रिप्पनपेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

