मकान क्षति पर तत्काल 5 हजार रुपए राहत देने के निर्देश
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
दांडेली (उत्तर कन्नड़). स्वास्थ्य एवं प्राकृतिक आपदा प्रबंधन मंत्री यू.टी. खादर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान मानवीय संवेदना और त्वरित कार्रवाई के साथ किया जाए। कारवार स्थित जिलााधिकारी कार्यालय में आयोजित आपदा पूर्व तैयारी एवं विभिन्न विभागों की प्रगति समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि बारिश, तेज हवा अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की हानि रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम समय रहते उठाए जाएं।
तत्काल राहत देने के निर्देश
बैठक में जिलााधिकारी लक्ष्मीप्रिया ने कहा कि जिला प्रशासन के आपदा राहत खाते में 61 करोड़ रुपए उपलब्ध हैं तथा प्रत्येक तालुक को आपात स्थिति से निपटने के लिए 30-30 लाख रुपए जारी किए गए हैं। इस पर मंत्री ने निर्देश दिया कि बारिश से जिन परिवारों के मकानों को नुकसान हुआ है, उन्हें तत्काल 5,000 रुपए की अंतरिम सहायता दी जाए। यदि ग्राम लेखाकार या पंचायत विकास अधिकारी राहत वितरण में अनावश्यक विलंब करते हैं तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एनडीआरएफ नियमों की जानकारी
यू.टी. खादर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) के नियमों में राज्य सरकार स्वयं बदलाव नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 5 लाख रुपए तक सहायता का प्रावधान है। पहले चरण में 1.20 लाख रुपए दिए जाएंगे, जबकि शेष राशि निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी।
जिले में 37 प्रतिशत बारिश की कमी
जिलााधिकारी ने कहा कि पूर्व मानसून सामान्य रहा, लेकिन वर्तमान मानसून के दौरान जिले में 37 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। विशेष रूप से घाट क्षेत्र में कम बारिश हुई है, जबकि पिछले चार दिनों से तटीय इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। जून महीने में घाट क्षेत्र के 65 गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हुआ था, जिसे टैंकरों के माध्यम से दूर किया गया। आवश्यकता पडऩे पर यह व्यवस्था आगे भी जारी रखी जाएगी।
बैठक में विधायक शिवराम हेब्बार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सडक़, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने सभी विभागों को मानसून के दौरान समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

