एसआइआर प्रक्रिया पर विवाद
हुब्बल्ली के बूथ-179 में विधायक की मौजूदगी पर उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 179 में चल रही विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) नंदिनी कुलकर्णी के साथ घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र वितरित करने के दौरान विधायक महेश टेंगिनकाई मौजूद रहे, जबकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस प्रक्रिया में केवल अधिकृत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) ही अधिकृत भूमिका निभा सकते हैं।
प्रभाव डालने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बूथ संख्या 179 में अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) मतदाताओं की संख्या अधिक है। ऐसे में विधायक की उपस्थिति से बीएलओ पर प्रभाव डालकर मतदाता सूची से नाम हटाने की आशंका जताई गई है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित विधायक न तो उक्त बूथ के अधिकृत भाजपा बीएलए हैं और न ही हुब्बल्ली सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के बीएलए।
पुराने विवाद का भी उल्लेख
शिकायत में जनवरी 2026 के परिवार मैपिंग अभियान का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि उस दौरान इसी बूथ पर एक कर्मचारी द्वारा मतदाताओं के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया था। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में असंतोष और चिंता बढ़ रही है।
जांच की मांग
शिकायतकर्ताओं ने भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा है कि बीएलए की भूमिका केवल प्रक्रिया पर निगरानी रखने और अनियमितताओं की जानकारी आयोग तक पहुंचाने तक सीमित है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की प्रत्यक्ष भागीदारी पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

