मंत्री एम.बी. पाटील ने जताया खुशी
केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर नियमित ट्रेन सेवा और समय-सारिणी में बदलाव की मांग
विजयपुर. उद्योग एवं जिला प्रभारी मंत्री एम.बी. पाटील ने बेंगलूरु और विजयपुर के बीच हुब्बल्ली तथा गदग बाईपास मार्ग से विशेष रेल सेवा शुरू किए जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग पर केंद्र सरकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया स्वागतयोग्य है।
मंत्री ने इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना को विजयपुर जिले की जनता की ओर से धन्यवाद दिया है। साथ ही उन्होंने इस विशेष ट्रेन को जल्द स्थायी सेवा में बदलने की मांग भी उठाई है।
उन्होंने कहा कि अप्रेल के पहले सप्ताह में उन्होंने दोनों केंद्रीय मंत्रियों को पत्र लिखकर हुब्बल्ली और गदग बाईपास मार्ग से रेल सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था। अब दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने शनिवार से 28 जून तक विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

एम.बी. पाटील ने एक बार फिर केंद्रीय मंत्रियों को पत्र लिखकर इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने और यात्रियों के अनुकूल समय निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेन रात 8 बजे बेंगलूरु से रवाना होकर सुबह 6 बजे विजयपुर पहुंचे तथा विजयपुर से भी रात 8 बजे निकलकर सुबह 6 बजे बेंगलूरु पहुंचे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन सुबह 4 बजे यशवंतपुर स्टेशन पहुंचेगी, जिससे यात्रियों को घर पहुंचने में कठिनाई होगी। इसलिए ट्रेन का आगमन सुबह 5.30 से 6 बजे के बीच निर्धारित करना चाहिए।
यह विशेष ट्रेन डेढ़ महीने तक प्रत्येक शनिवार को यशवंतपुर रेलवे स्टेशन से विजयपुर के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में रविवार को विजयपुर से चलेगी।
19 डिब्बों वाली यह ट्रेन तुमकूरु, अरसीकेरे, दावणगेरे, हावेरी, गदग बायपास, बादामी, बागलकोट, आलमट्टी और बसवन बागेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान में विजयपुर से बेंगलूरु तक रेल यात्रा में लगभग 15 घंटे लगते हैं, लेकिन हुब्बल्ली बाईपास मार्ग से यह समय घटकर करीब 10 घंटे रह जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

