होसपेट-अरसीकेरे सेवा शुरू, पांच जिलों को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क
होसपेट। मध्य कर्नाटक के पांच प्रमुख जिलों के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग शुक्रवार (28 अगस्त) को पूरी हो गई। होसपेट-अरसीकेरे के बीच नई डेमू ट्रेन सेवा शुरू हुई। होसपेट रेलवे स्टेशन से ट्रेन के परिचालन की शुरुआत पर रेलवे उपयोगकर्ता संघ के पदाधिकारियों और यात्रियों ने इंजन की विशेष पूजा की तथा मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
29 स्टेशनों पर ठहराव
नई रेल सेवा से विजयनगर, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, चिक्कमगलूरु और हासन जिलों के बीच संपर्क मजबूत होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में 29 स्थानों पर ठहराव निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थियों, रोजाना व्यापार के लिए यात्रा करने वालों और उपचार के लिए अस्पताल जाने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय-सारिणी तैयार की गई है।
ट्रेन सुबह 6.30 बजे होसपेट से रवाना होगी और दोपहर 2.30 बजे अरसीकेरे से वापसी के लिए चलेगी। फिलहाल यह विशेष ट्रेन के रूप में सोमवार से शुक्रवार तक सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी।
अरसीकेरे से आगे का सफर आसान
अरसीकेरे प्रमुख रेलवे जंक्शन होने के कारण यहां से बेंगलूरु, मैसूरु, हासन और मेंगलूरु जाने वाली ट्रेनों की सुविधा मिलती है। ऐसे में नई डेमू सेवा से मध्य कर्नाटक के यात्रियों को इन शहरों तक पहुंचने में भी सहूलियत होगी।
स्टेशनों पर हुआ भव्य स्वागत
मरियम्मनहल्ली, हंपीपट्टण और हरपनहल्ली सहित विभिन्न स्टेशनों पर बड़ी संख्या में लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई रेल सेवा से मलनाड और विजयनगर क्षेत्र के बीच पर्यटन, व्यापार तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
विजयनगर रेलवे उपयोगकर्ता संघ के अध्यक्ष वाई. यमुनेश और सचिव महेश कुडितिनी ने मांग की कि इस विशेष सेवा को भविष्य में नियमित किया जाए और इसे मैसूरु या मेंगलूरु तक विस्तारित किया जाए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

