जुलूस के दौरान विवाद के बाद मारपीट, प्रशासन की मौजूदगी में कराया गया मंदिर प्रवेश
चन्नगिरी (दावणगेरे)। दावणगेरे जिले के चन्नगिरी तालुक के बेललगेरे गांव में मंदिर प्रवेश को लेकर पांच दलित युवकों पर कथित हमले और जातिसूचक अपमान का मामला सामने आया है। घटना में घायल पांचों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने 42 लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलूस रोकने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव में आयोजित अज्जी उत्सव के दौरान दलित समुदाय के लोग परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाल रहे थे। जब जुलूस दोड्डय्यस्वामी मंदिर के समीप पहुंचा तो कुछ लोगों ने उन्हें मंदिर के पास जाने से रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक टिप्पणियां की गईं और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसमें पांच युवक घायल हो गए।
अधिकारियों ने कराया मंदिर प्रवेश
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी जी.एम. गंगाधरस्वामी, पुलिस अधीक्षक डॉ. एच.टी. शेखर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी गांव पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में दलित समुदाय के लोगों को मंदिर में प्रवेश कराकर दर्शन कराए गए तथा स्थिति को शांत कराया गया।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने कहा कि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं। जाति के आधार पर मंदिर या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रवेश से रोकने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गांव के श्मशान भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधीक्षक डॉ. एच.टी. शेखर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बसवपट्टण पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

