हुब्बल्ली में ई-स्वत्व मेला शुरू
उद्योगपतियों ने बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था पर दिया जोर
हुब्बल्ली. उद्यमी अशोक कोन्नूर ने कर्नाटक स्मॉल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और कर्नाटक इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट बोर्ड के अधीन आने वाले औद्योगिक क्षेत्रों को स्थानीय प्रशासन को हस्तांतरित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।
गोकुल रोड स्थित उत्तर कर्नाटक स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एनकेएसएसआईए) में सोमवार से शुरू हुए तीन दिवसीय ई-स्वत्व मेले में कोन्नूर नेे कहा कि हुब्बल्ली-धारवाड़ के कई औद्योगिक क्षेत्र अब तक महानगर निगम को हस्तांतरित नहीं किए गए हैं। इसी कारण वहां बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक प्रबंधन में समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई औद्योगिक क्षेत्र योजना के अनुरूप विकसित भी नहीं किए गए हैं।
कार्यक्रम में विधायक महेश टेंगिनकाई ने कहा कि इस मुद्दे को आगामी विधानसभा मानसून सत्र में उठाया जाएगा। उन्होंने उद्योगपतियों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए कहा कि संबंधित मंत्री के समक्ष मामला रखकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों का संपत्ति कर जमा करने वाले उद्योगपतियों को ई-स्वत्व प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही एपीएमसी व्यापारियों को भी इसी प्रकार की सुविधा देने की योजना है। आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर एनकेएसएसआईए के पदाधिकारी विजेश सैगल, संदीप बिदासरिया और श्रीपति भट्ट सहित कई उद्यमी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

