500 रुपए के छुट्टे को लेकर विवाद
घटना के बाद रट्टीहल्ली में तनाव, इलाके में पुलिस बल तैनात
हावेरी. जिले के रट्टीहल्ली कस्बे में छुट्टे पैसे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक अंडा विक्रेता की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की पहचान शिवाजिराव बैरोजी (55) के तौर पर की गई है, जो रट्टीहल्ली में अंडे बेचकर जीविका चलाता था। बुधवार रात चार युवक उसकी दुकान पर अंडे खरीदने पहुंचे। खरीदारी के बाद 500 रुपए के नोट से भुगतान और छुट्टे पैसे को लेकर विवाद शुरू हो गया। शिवाजिराव का कहना था कि उन्हें 100 रुपए का नोट दिया गया था, जबकि युवक 500 रुपए देने का दावा कर रहे थे।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
झगड़ा बढऩे पर शिवाजिराव के बेटे ने बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट की। हमले में शिवाजिराव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इलाके में तनाव, जांच जारी
घटना के बाद रट्टीहल्ली में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

