भीषण गर्मी के बीच 19,000 मेगावाट के करीब पहुंची मांग
उद्योग और आम जनता परेशान
हुब्बल्ली. कर्नाटक में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है, जिससे कई क्षेत्रों में अनियमित लोड शेडिंग शुरू हो गई है। ऊर्जा विभाग पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहा है और आने वाले दिनों में स्थिति और जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।
पीक आवर में कटौती
बेंगलूरु शहर और ग्रामीण क्षेत्रों सहित तुमकूरु, हासन और बागलकोट जैसे जिलों में सुबह और शाम के पीक आवर के दौरान 1 से 2 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। कृषि पंपसेट्स को भी सीमित समय के लिए ही बिजली मिल पा रही है। यहां तक कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी बिजली की आंख-मिचौली से शिकायतें बढ़ रही हैं।
मांग और आपूर्ति में अंतर
16 अप्रेल को राज्य में बिजली की मांग 372.42 मिलियन यूनिट दर्ज की गई, जबकि कुल आपूर्ति करीब 310.73 मिलियन यूनिट ही रही। करीब 44.95 मिलियन यूनिट बिजली की अतिरिक्त खरीद की गई, इसके बावजूद 500-600 मेगावाट की कमी बनी हुई है। पीक समय में मांग 18,478 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस साल 19,000 मेगावाट तक जाने का अनुमान है।
बाजार से खरीद भी मुश्किल
ऊर्जा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, खुले बाजार में बिजली की उपलब्धता सीमित है। यदि 10 रुपए प्रति यूनिट देने को तैयार हों, तब भी 1000 मेगावाट की मांग के मुकाबले 100 मेगावाट भी नहीं मिल पा रहा।
उद्योगों को भारी नुकसान
अनियमित बिजली कटौती से व्यापार और उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उद्योगपतियों का कहना है कि यदि पहले से सूचना दी जाए तो वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन अचानक कटौती से उत्पादन प्रभावित हो रहा है।
और गहरा सकता है संकट
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती मांग को देखते हुए दीर्घकालिक योजना और बेहतर प्रबंधन जरूरी है, अन्यथा गर्मी के चरम पर संकट और गहरा सकता है।
बिजली की कोई कमी नहीं
राज्य में बिजली की कोई कमी नहीं है और कटौती को लेकर कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किया गया है। यदि कहीं बिजली बाधित हो रही है तो वह स्थानीय कारणों से हो सकता है, जिसे शिकायत मिलने पर तुरंत ठीक किया जाएगा।
–गौरव गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
