अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और अस्पतालों के आसपास जलभराव हटाने की रिपोर्ट देने के आदेश
दावणगेरे. जिलाधिकारी जीएम गंगाधरस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले के स्कूलों, कॉलेजों, आंगनवाड़ी केंद्रों, अस्पतालों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई सुनिश्चित कर उसकी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी चाहिए।
जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित पल्स पोलियो एवं अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी गंगाधरस्वामी ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और यह मलेरिया सहित संक्रामक रोगों के फैलने का संवेदनशील समय है। इसलिए जलभराव रोकने, नालियों की नियमित सफाई तथा मच्छरों की रोकथाम के उपायों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में मच्छरदानी लगानी चाहिए तथा उपयोग किए जाने वाले पानी में नीम का तेल मिलाना चाहिए। विद्यार्थियों को मच्छररोधी क्रीम लगाकर आने के लिए जागरूक करना चाहिए। साथ ही गैराज और अन्य स्थानों के आसपास पानी जमा न होने देने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बायोमेडिकल कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निपटान करना चाहिए और स्वास्थ्य कर्मियों को सामाजिक जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने घरों में मच्छरदानी के उपयोग, खिड़कियों पर जाली लगाने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि ओवरहेड और भूमिगत जल टंकियों को मच्छरमुक्त बनाने संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराना चाहिए तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर सप्ताह में कम से कम एक बार कीटनाशक द्रव का छिडक़ाव करना चाहिए।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक एचटी शेखर, अतिरिक्त जिलाधिकारी शीलवंत शिवकुमार, जिला सर्जन डॉ. नागेंद्रप्पा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. षण्मुखप्पा तथा नगर निगम आयुक्त महांतेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

