धारवाड़ में ‘वीर परिवार सहायता योजना-2025’ के अंतर्गत शुरुआत
हुब्बल्ली. देश की रक्षा में अपना जीवन न्यौछावर करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिवारजनों को अब कानूनी परेशानियों से राहत दिलाने के लिए विशेष पहल की गई है। उन्हें कानूनी जानकारी और नि:शुल्क सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा क्लिनिक की शुरुआत की गई।
यह क्लिनिक राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, कर्नाटक राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बेंगलूरु सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग, धारवाड़ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धारवाड़ वकील संघ तथा धारवाड़ सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया गया है।
धारवाड़ डीसी परिसर स्थित सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में, इस क्लिनिक का वर्चुअल उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष भारती बी.एस. ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव परशुराम एफ. दोड्डमनी, पूर्व सैनिक, उनके परिवारजन और विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
क्लिनिक से मिलने वाले लाभ
-कानूनी जानकारी और मार्गदर्शन नि:शुल्क उपलब्ध।
-सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कानूनी मामलों में सहायता।
-अदालतों और विभागीय कार्यवाही संबंधी सहयोग।
-कानूनी उलझनों से शीघ्र राहत पाने का अवसर।

