सरकार ने मूंग खरीदी, भुगतान नहीं किया
किसानों को आर्थिक संकट में धकेलने का आरोप
हुब्बल्ली। पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता शंकर पाटिल मुनेनकोप्प ने राज्य सरकार से चार गांवों के किसानों का लंबित 87 लाख रुपए का भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों से मूंग की खरीद तो कर ली, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया, जिससे किसान गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
मुनेनकोप्प बुधवार को विकासनगर स्थित कर्नाटक राज्य सहकारी विपणन महासंघ (केएससीएमएफ) के क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष पिछले 16 दिनों से जारी किसानों के धरने में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सुल्ला, ब्याहट्टी, हेबसूर और किरेसूर गांवों के किसानों से लगभग 991 क्विंटल मूंग की खरीद की गई थी, लेकिन अब तक उनकी राशि जारी नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बागलकोट, हुनगुंद और इलकल क्षेत्र में इसी प्रकार की स्थिति बनने पर तत्कालीन सरकार ने इसे विशेष मामला मानते हुए लगभग 90 लाख रुपए की सहायता जारी की थी। वर्तमान सरकार को भी उसी तर्ज पर किसानों का बकाया 87 लाख रुपए तत्काल जारी करना चाहिए।
मुनेनकोप्प ने सवाल किया कि क्या सरकार किसानों के 87 लाख रुपए का भुगतान करने में भी सक्षम नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों का वैध भुगतान बिना किसी देरी के होना चाहिए। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, भाजपा उनके आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
धरने में गुरु रायनगौडर, विरुपाक्षप्पा पायण्णनवर, जगदीश रूगी, अशोक मत्तिहल्ली, सुभाष कोंडिकोप्पा, बसय्या पुजारी, अशोक नवलूर, नागराज गिडनवर, मौलासाब नायक, मल्लण्ण अलेकर, रोहित मत्तिहल्ली, फकीरप्पा (मुत्तु) चाकलब्बी सहित अनेक किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

