सडक़ों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम से लोग परेशान; पेड़ गिरने से नम्मा मेट्रो सेवा प्रभावित
बेंगलूरु. राजधानी बेंगलूरु में मंगलवार शाम तेज आंधी, बिजली और भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम और तेज गर्जना के साथ हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार कई दिनों के अंतराल के बाद हुई इस तेज बारिश से शहर की प्रमुख सडक़ें पानी में डूब गईं। बल्लारी रोड, रिचमंड रोड, के.जी. रोड, के.आर. पुरम, तुमकूरु रोड, मैसूर रोड, बन्नेरघट्टा रोड और कनकपुरा रोड सहित कई मुख्य मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कार्यालयों से घर लौट रहे कर्मचारी और गिग वर्कर घंटों तक बारिश और जाम में फंसे रहे।
भारी बारिश का असर नम्मा मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा। सामान्यत: 3 से 5 मिनट के अंतराल पर चलने वाली मेट्रो ट्रेनें करीब 15 मिनट की देरी से चलने लगीं। कुछ स्टेशनों पर ट्रेनें रोकनी पड़ीं, जबकि कुछ स्थानों पर धीमी गति से संचालन किया गया। इससे मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि आईटीपीएल और सत्यसाई अस्पताल स्टेशन के बीच मेट्रो ट्रैक पर पेड़ की शाखा गिरने के कारण व्हाइटफील्ड और गरुड़ाचार पाल्या के बीच ट्रेन सेवा शाम 6 से 6.35 बजे तक अस्थायी रूप से रोक दी गई थी। बाद में बीएमआरसीएल ने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद व्हाइटफील्ड से चल्लघट्टा के बीच मेट्रो सेवा फिर से शुरू कर दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

