राघवेंद्र स्वामी मठ परिसर में भरा पानी
मठ प्रमुख ने कराई ठहरने की व्यवस्था
रायचूर. आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मंत्रालय में शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण राघवेंद्र स्वामी मठ में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार और रविवार की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंत्रालय पहुंचे थे। अधिक भीड़ होने से कई भक्तों को ठहरने के लिए कमरे नहीं मिल सके, जिसके कारण वे मठ परिसर में ही विश्राम कर रहे थे।
इसी दौरान शनिवार रात तेज बारिश हुई, जिससे राघवेंद्र स्वामी मठ के सामने स्थित परिसर में पानी भर गया। वहां सो रहे श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उन्हें रातभर परेशान होना पड़ा।
स्थिति की जानकारी मिलते ही मठ के मठ प्रमुख सुबुधेंद्र तीर्थ श्रीपाद स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए मठ के कल्याण मंडप और अन्नपूर्णा भोजनशाला में ठहरने तथा विश्राम की विशेष व्यवस्था कराई।
मठ प्रशासन की त्वरित व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिली। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क बना हुआ है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

