यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
दो माह में कई घटनाओं से दहशत
30 लाख के आभूषण चोरी, टीटीइ पर चाकू से हमला
यात्रियों ने की सीसीटीवी और आरपीएफ गश्त बढ़ाने की मांग
मूल्की (दक्षिण कन्नड़)। मेंगलूरु को गोवा और महाराष्ट्र से जोडऩे वाले कोंकण रेलवे मार्ग पर लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। विशेषकर मत्स्यगंधा एक्सप्रेस (12619/12620) और मेंगलूरु एक्सप्रेस (12133/12134) में बीते दो महीनों के दौरान हुई वारदातों से परिवारों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों में भय का माहौल है।
हाल ही में हुई एक बड़ी घटना में यात्री ललिता सालियान के लगभग 30 लाख रुपए मूल्य के स्वर्णाभूषण चोरी हो गए। घटना को 50 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद रेलवे पुलिस अब तक आरोपितों का सुराग नहीं लगा सकी है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 15 जुलाई को चोरी का प्रयास रोकने के दौरान एक टीटीइ और यात्री मंजुनाथ पुजारी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना ने ट्रेनों में यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनकी प्रमुख मांगों में प्रत्येक कोच में हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाना, विशेषकर रात के समय रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की गश्त बढ़ाना तथा चोरी और हमले के मामलों में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई करना शामिल है।
यात्रियों का कहना है कि सुरक्षित यात्रा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। ऐसे में रेलवे प्रशासन को लापरवाही छोडक़र यात्रियों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

