महिला समूहों को मिलेगा आर्थिक संबल
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा होगा संचालन
किसानों को किराए पर मिलेंगे आधुनिक कृषि उपकरण
उडुपी. ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोडऩे की दिशा में कर्नाटक का पहला जीवनोपार्जन सेवा केंद्र उडुपी जिले के अलेवूर ग्राम पंचायत में स्थापित किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त सहायता से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत यह अभिनव परियोजना शुरू की गई है, जिसका संचालन पूरी तरह संजीविनी महिला संघों द्वारा किया जाएगा।
यह केंद्र ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े छोटे और सीमांत किसान परिवारों की आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। परियोजना के माध्यम से कृषि उत्पादन, मूल्य संवर्धन, विपणन और आधुनिक कृषि सेवाओं तक किसानों की पहुंच आसान बनाई जाएगी।
उडुपी जिले में प्रत्येक तालुक के लिए तीन-तीन समग्र कृषि समूहों सहित कुल 21 कृषि क्लस्टर चिन्हित किए गए हैं। अलेवूर को इस योजना का नोडल ग्राम पंचायत बनाया गया है, जिसके अंतर्गत मणिपाल, बोम्मरबेट्टू, आत्राडी और उदयवर ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। एक कृषि क्लस्टर के माध्यम से लगभग 300 से 350 महिला किसान परिवारों को लाभ मिलने की संभावना है।
जिला पंचायत द्वारा चयनित समृद्धि संजीविनी संघ को इस परियोजना के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने इस केंद्र के लिए लगभग 20 लाख रुपए मूल्य के आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए हैं। इनमें ट्रैक्टर, रोटावेटर, कल्टीवेटर तथा नारियल और सुपारी के पेड़ों पर चढऩे वाली मशीनें शामिल हैं।
केंद्र से जुड़े उपकरण किसानों को किराए पर उपलब्ध कराए जाएंगे। ट्रैक्टर का किराया 900 रुपए प्रति घंटा निर्धारित किया गया है। उपकरणों से प्राप्त आय का उपयोग उनके रखरखाव तथा संजीविनी संघ की गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाना है
राज्य का पहला जीवनोपार्जन सेवा केंद्र उडुपी में शुरू किया गया है। इस योजना के तहत 20 लाख रुपए से लेकर एक करोड़ रुपए तक का अनुदान प्राप्त करने की व्यवस्था है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं की आय और जीवन स्तर में सुधार लाना है।
–वेंकटेश अंभूवी, राज्य कार्यक्रम प्रबंधक. कृषि आजीविका गतिविधियां
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
