हुब्बल्ली। स्वर्ण समूह संस्थाओं के प्रबंध निदेशक डॉ. वी.एस.वी. प्रसाद ने कहा कि लियो क्लब ऑफ हुब्बल्ली की ओर से आमजन के हित में लगातार किए जा रहे समाजसेवी कार्य सराहनीय हैं। क्लब जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर सेवा कार्य कर रहा है।
वे रविवार को हुब्बल्ली स्थित लायंस इंग्लिश मीडियम स्कूल के सभागार में लियो क्लब ऑफ हुब्बल्ली एवं स्वर्ण समूह संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘हियर द चेंज’ श्रवण यंत्र वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन कर बोल रहे थे।
डॉ. प्रसाद ने कहा कि श्रवण दोष व्यक्ति के जीवन की खुशियों और सामाजिक जुड़ाव को प्रभावित करता है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उपयोगी श्रवण यंत्र उपलब्ध कराकर उनके जीवन में फिर से उत्साह और खुशियां भरने का कार्य सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि स्वर्ण समूह संस्थाओं और लियो क्लब की ओर से संयुक्त रूप से 20,999 रुपए मूल्य के 20 अत्याधुनिक डिजिटल श्रवण यंत्र, कुल 4,19,980 रुपए की सहायता के रूप में, चिकित्सकीय जांच के बाद चयनित पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क वितरित किए गए। उन्होंने इसे सार्थक जनसेवा बताते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे सहायता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। गरीब और असहाय लोगों के जीवन में रोशनी लाने वाले इन कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम में धारवाड़ की उपविभागीय अधिकारी प्रभावती फकीरपुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर एसडीएम के वाक् एवं श्रवण विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. वसीम, लायंस रीजन चेयरपर्सन लायन वेमन मंकाणी, लायंस क्लब ऑफ हुब्बल्ली सिटी के अध्यक्ष लायन एस. आर. ओमकारी, लियो क्लब ऑफ हुब्बल्ली के अध्यक्ष लियो मुरलीधर दिवटे, तत्कालीन पूर्व अध्यक्ष लियो टेरेंस इर्कल, कार्यक्रम संयोजक लियो आर्यन हिरेगौडर, लियो प्रज्वल हरवी, लियो ओमकार हरलापुर तथा पूर्व अध्यक्ष एवं लियो ट्रॉफी संयोजक लियो चिराग कलाल मौजूद रहे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

