जंगल में मिली अधजली लाश की 14 दिन बाद खुली गुत्थी
कंगन से हुई पहचान, कॉल डिटेल ने पहुंचाया आरोपी तक
यादगीर। 10 हजार एकड़ में फैले घने जंगल में मिली अधजली महिला की लाश की गुत्थी 14 दिन बाद सुलझ गई। पुलिस के अनुसार, पति से अलग रह रही जोगती महिला शांतम्मा (48) की उसके कथित प्रेमी सुरेश ने गला घोंटकर हत्या की और पहचान मिटाने के लिए शव पर पेट्रोल व शराब डालकर आग लगा दी। वारदात के बाद फरार आरोपी को यादगीर पुलिस ने बेंगलूरु से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कंगन ने दिखाई पहचान की राह
24 सितंबर को बाचवार गांव के पास जंगल में गश्त कर रहे चौकीदार ने जली हुई लाश देखी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव पूरी तरह जल जाने के कारण मृतका की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके से मिले सामान को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
एसपी पृथ्विक शंकर ने मामले की जांच के लिए सर्किल इंस्पेक्टर नानागौड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई। जिले के सभी थानों में गुमशुदगी के मामलों की जांच के दौरान कलबुर्गी जिले के वाडी थाने में नालवार गांव की शांतम्मा के लापता होने की शिकायत मिली।
जंगल से बरामद कंगन परिजनों को दिखाया गया तो बेटे देवप्पा ने उसे अपनी मां का कंगन पहचान लिया। इसके बाद पुलिस को मृतका की पहचान का पक्का सुराग मिला।
आखिरी कॉल ने खोला हत्या का राज
शांतम्मा के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने पर घटना से पहले उसकी आखिरी बातचीत हलकट्टा गांव के सुरेश से होने की जानकारी मिली। वारदात के बाद से सुरेश फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और बेंगलूरु में उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि करीब पांच महीने पहले शांतम्मा की सुरेश से मुलाकात हुई थी, जो बाद में कथित प्रेम संबंध में बदल गई। शांतम्मा ने सुरेश को किसी अन्य व्यक्ति से एक लाख रुपए उधार दिलाए थे। रकम लौटाने और शादी करने की मांग को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
शराब पिलाकर जंगल ले गया, फिर गला दबाया
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को सुरेश शांतम्मा को बाइक से कर्नाटक-तेलंगाना सीमा के जलालपुर ले गया। वहां उसे शराब पिलाने के बाद बाचवार के जंगल में ले गया। आरोप है कि वहां शांतम्मा के बेहोशी की हालत में गिरने के बाद सुरेश ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने बाइक से पेट्रोल और साथ लाई शराब शव पर डाली और आग लगा दी। शव जलने तक वह मौके पर रहा और इसके बाद बेंगलूरु भाग गया।
यादगीर ग्रामीण थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले में हत्या की परिस्थितियों और आरोपी के बयानों की आगे जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
