12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
विजयपुर. जिलाधिकारी डॉ. आनंद के. ने कहा कि स्वस्थ और निरोग जीवन के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है।
‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थी इस वर्ष की थीम
जिला प्रशासन, जिला पंचायत और जिला आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने पौधे में जल अर्पित कर किया। इस वर्ष कार्यक्रम का आयोजन ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ विषय पर किया गया।
डॉ. आनंद के. ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली विरासत है, जिसकी हजारों वर्षों की परंपरा रही है। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, चिंता और मानसिक समस्याओं के बीच योग संजीवनी का कार्य कर रहा है। नियमित योगाभ्यास और खेल गतिविधियों से स्वस्थ, संतुलित और सुंदर जीवन संभव है।
45 मिनट तक चला सामूहिक योगाभ्यास
कार्यकरम में उपस्थित सैकड़ों योग प्रेमियों ने प्रशिक्षक सुनीता बिरादार, ज्योति, संजय और चंद्रशेखर के मार्गदर्शन में लगभग 45 मिनट तक विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में गायक वीरेश वाली तथा किरण और उनकी टीम ने राज्य गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विजयपुर महानगर निगम के महापौर सिद्रामप्पा करडी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋषि आनंद, पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबरगी, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. शिवानंद मास्तिहोली, जिला आयुष अधिकारी डॉ. विद्यावती अथणी, युवा सशक्तिकरण एवं खेल विभाग के सहायक निदेशक राजशेखर धैवाडी, सूचना अधिकारी अमरेश दोडमनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, पतंजलि योग समिति, आयुर्वेद एवं यूनानी महाविद्यालयों के कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योग दिवस समारोह को सफल बनाया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

