नगर पालिका की अनुमति के बिना निर्माण का आरोप
स्टील गेट तोडऩे पर भडक़ा लोगों का गुस्सा
कोप्पल। शहर के बीचोंबीच तहसीलदार कार्यालय के पास स्वतंत्रता सेनानी मुंडरगी भीमराय के नाम से बने बस ठिकाने (स्टॉप) को कथित तौर पर विरूपित कर बेकरी बनाने का मामला विवाद में आ गया है। सार्वजनिक उपयोग के इस बस ठिकाने में कथित छेड़छाड़ से स्थानीय लोगों और कन्नड़ समर्थक संगठनों में नाराजगी है।
यह बस ठिकाना लंबे समय से छात्रों, बुजुर्गों और आम यात्रियों के लिए विश्राम स्थल के रूप में इस्तेमाल होता रहा है। आरोप है कि बेकरी के संचालक ने नगर पालिका से अनुमति लिए बिना पुरानी बेकरी को हटाकर अस्थायी रूप से बस ठिकाने के पीछे की जगह पर स्थानांतरित कर दिया। इसी दौरान बस ठिकाने के स्टील गेट उखाडक़र उसके स्वरूप से छेड़छाड़ किए जाने का भी आरोप है।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और कन्नड़ समर्थक संगठनों ने कड़ा विरोध जताते हुए नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर नगर पालिका आयुक्त ने बेकरी संचालक को पांच दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया है।
नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि यदि संचालक का जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो बेकरी बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में बेकरी संचालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

