विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में परिवार सहित कराया पंजीकरण
नागरिकों से बीएलओ को सहयोग करने की अपील
विजयपुर. राज्यव्यापी विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत उद्योग, आधारभूत संरचना विकास एवं विजयपुर जिला प्रभारी मंत्री एम.बी. पाटील ने बुधवार को अपने आवास पर पहुंचे बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों का सत्यापन कराया।
मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें
इस अवसर पर मंत्री पाटील ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे स्थानों पर रहने वाले तथा प्रवासी नागरिकों के नाम भी सूची में शामिल किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर आने वाले बीएलओ को आवश्यक जानकारी और दस्तावेज देकर सहयोग करे तथा यह सुनिश्चित करे कि मतदाता सूची में उसका विवरण सही दर्ज है।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और प्रत्येक मत राज्य व देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि जिन अपात्र व्यक्तियों या जिनके नाम दो स्थानों पर दर्ज हैं, उनका एक स्थान से नाम हटाना चाहिए।
इस दौरान महानगर निगम आयुक्त एवं विजयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी विजयकुमार मेक्कलकी, बूथ स्तरीय अधिकारी ए.एच. बिज्जूर, पर्यवेक्षक सुरेश बिरादार तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

