स्कूल वाहनों की मनमानी पर पुलिस का शिकंजा

पांच माह में 991 मामले दर्ज, 1.97 लाख रुपये जुर्माना वसूला; नए शैक्षणिक सत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान

हुब्बल्ली. हुब्बल्ली-धारवाड़ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले निजी वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नियमों की अनदेखी कर ऑटो रिक्शा, ओमनी वैन और अन्य वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनवरी से मई माह तक 991 मामले दर्ज किए गए हैं तथा 1.97 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है।

स्कूल वैन से अधिक ऑटो चालकों पर कार्रवाई

हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस आयुक्तालय के उत्तर, दक्षिण, पूर्व तथा धारवाड़ यातायात थानों की ओर से चलाए गए अभियान में स्कूल वैन एवं बसों के खिलाफ 234 मामले दर्ज कर 46,800 रुपए का जुर्माना लगाया गया, जबकि ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ 757 प्रकरण दर्ज कर 1.51 लाख रुपए की वसूली की गई। उत्तर यातायात थाने के क्षेत्र में सर्वाधिक शैक्षणिक संस्थान होने के कारण निरीक्षक संगमेश पालभावी के नेतृत्व में 487 मामलों में 97,400 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

बच्चों की सुरक्षा से समझौता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई अभिभावक स्कूलों की अधिक परिवहन फीस से बचने के लिए कम किराए वाले निजी ऑटो रिक्शा और वैन का सहारा ले रहे हैं। वहीं, कुछ वाहन संचालक अधिक कमाई के लालच में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर उनकी सुरक्षा को जोखिम में डाल रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं देंगे, तब तक इस समस्या पर पूरी तरह अंकुश लगाना मुश्किल होगा।

जागरूकता अभियान भी जारी

नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बाद से यातायात पुलिस विभिन्न स्कूलों में जाकर प्रबंधन, वाहन चालकों और अभिभावकों के साथ बैठकें कर रही है। पुलिस की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना नियम विरुद्ध

नियमों के अनुसार, 12 वर्ष से कम आयु के अधिकतम छह बच्चों को ऑटो रिक्शा में तथा आठ बच्चों को ओमनी वैन में बैठाने की अनुमति है।

जुर्माना और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी

स्कूली बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले निजी स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। स्कूल खुलने के बाद से पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत जुर्माना और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
रवीश सी.आर., उपायुक्त पुलिस (अपराध एवं यातायात), हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस आयुक्तालय

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *