स्वतंत्रता की रक्षा, भारत को विश्व शिखर पर पहुंचाएं : यू.टी. खादरमेंगलूरु के नेहरू मैदान में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में महात्मा गांधी और डॉ. बीआर आंबेडकर की फोटो पर पुष्प अर्पित करते दक्षिण कन्नड़ जिला प्रभारी मंत्री यू.टी. खादर।

मेंगलूरु में स्वतंत्रता दिवस समारोह

दक्षिण कन्नड़ के विकास और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं

मेंगलूरु। दक्षिण कन्नड़ जिला प्रभारी मंत्री यू.टी. खादर ने कहा कि एक पीढ़ी ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन बलिदान कर इतिहास रचा। अब वर्तमान पीढ़ी को भारत को विश्व में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने के लिए प्रयास कर इतिहास को फिर से रचना होगा।

शहर के नेहरू मैदान में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण और सलामी लेने के बाद अपने संदेश में खादर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि मिली हुई अमूल्य आजादी की रक्षा का संकल्प लेने का दिन भी होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा होना प्रत्येक नागरिक के लिए सौभाग्य की बात है। महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने त्याग और बलिदान के जरिए अंग्रेजी शासन से देश को मुक्त कराया। उनके आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्वतंत्रता दिवस पर उन्हें याद करने के साथ आत्मावलोकन भी किया जाना चाहिए।

खादर ने कहा कि आजादी के बाद देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश के विकास की मजबूत नींव रखी। शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने से मानव संसाधन का विकास हुआ तथा कृषि और औद्योगिक क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बना।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और जीवनशैलियों के बावजूद ‘भारतीयता’ का भाव देशवासियों को एक सूत्र में बांधे हुए है। सभी धर्मों का सम्मान करते हुए हिंसा और समाज विरोधी गतिविधियों को रोकने तथा आपसी समन्वय के साथ आगे बढऩे का संकल्प लेना चाहिए।

योजनाओं से आर्थिक राहत

मंत्री ने कहा कि कर्नाटक सरकार राज्य को सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी योजनाओं ने लोगों को राहत देने के साथ आर्थिक कठिनाइयों को कम करने में मदद की है।

उन्होंने कहा कि दक्षिण कन्नड़ जिले में गृहलक्ष्मी योजना के तहत 3.82 लाख महिलाओं को 2,001 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। युवानिधि योजना के तहत 7,542 युवक-युवतियों को 21 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। शक्ति योजना का 14 करोड़ महिलाओं ने लाभ उठाया है, जबकि गृहज्योति योजना के तहत 5.52 लाख लाभार्थी सुविधा प्राप्त कर रहे हैं।

स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

मेंगलूरु शहर की बिजली वितरण व्यवस्था को भूमिगत केबल प्रणाली में बदलने के लिए 106 करोड़ रुपए की परियोजना तथा उल्लाल नगर पालिका क्षेत्र में 166 करोड़ रुपए की परियोजना का काम जारी है। जिला मुख्यालय में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए सुसज्जित भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

जिले में नौ डायलिसिस केंद्र संचालित हैं, जिनसे 823 लाभार्थी लाभ उठा रहे हैं। मार्च 2025 से जुलाई 2026 तक 10 लोगों का अंग प्रत्यारोपण किया गया है, जबकि 2,530 लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न मल-अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए सात इकाइयां शुरू की गई हैं। मूल्की तालुक के केम्राल में ईंधन पेलेट उत्पादन केंद्र संचालित है। जलस्रोतों को प्रदूषित करने वाले प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन के लिए ‘के-शोर’ योजना लागू की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दक्षिण कन्नड़ जिले और मेंगलूरु शहर में कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है। समाज विरोधी तत्वों, माफिया और मादक पदार्थों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सरकार की ओर से पूरी स्वतंत्रता दी गई है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *