बाईपास मार्ग से संचालन पर नाराजगी
यात्रियों ने कहा- “300 रुपए ऑटो किराया देकर स्टेशन पहुंचना पड़ता है”
गदग. बेंगलूरु और विजयपुर के बीच नई विशेष रेल सेवा शुरू होने से विजयपुर के लोगों में खुशी का माहौल है, लेकिन गदग शहर को दरकिनार कर बाईपास मार्ग से ट्रेन संचालन किए जाने पर गदग के लोगों ने तीव्र विरोध जताया है।
बहुप्रतीक्षित इस विशेष ट्रेन को हुब्बल्ली-गदग बाईपास मार्ग से चलाया गया है। शुरुआत से ही गदग के नागरिक इस निर्णय पर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि ट्रेन गदग शहर के मुख्य स्टेशन में प्रवेश नहीं करती, जिससे स्थानीय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाईपास स्टेशन पहुंचने में ही 300 रुपए खर्च
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में लोगों ने आरोप लगाया कि गदग बाईपास रेलवे स्टेशन पहुंचने के लिए यात्रियों को करीब 300 रुपए तक ऑटो रिक्शा किराया देना पड़ता है। लोगों ने दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) अधिकारियों पर गदग की जनता के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है।
पोस्ट में सांसद बसवराज बोम्मई और मंत्री एच.के. पाटिल को टैग करते हुए गदग के पक्ष में आवाज उठाने की मांग की गई है।
सोशल मीडिया पर बहस तेज
वायरल पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कुछ लोगों ने कहा कि पहले से कई ट्रेनें उपलब्ध हैं, इसलिए केवल विजयपुर ट्रेन को लेकर विरोध उचित नहीं है। वहीं अन्य लोगों ने सुझाव दिया कि गदग-कणगिनहाल के बीच नया बाईपास ट्रैक और होंबल स्टेशन विकसित किया जाए, जिससे स्थायी समाधान निकल सकता है।
पांच घंटे समय बचने का दावा
रेलवे समर्थकों का कहना है कि बाईपास मार्ग से ट्रेन चलाने पर बेंगलूरु या यशवंतपुर से विजयपुर पहुंचने में करीब पांच घंटे की बचत होती है। साथ ही हुब्बल्ली और गदग जंक्शन पर इंजन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे संचालन अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाता है।
इन स्टेशनों से होकर गुजर रही ट्रेन
यह विशेष ट्रेन यशवंतपुर जंक्शन, तुमकूरु, अरसिकेरे जंक्शन, दावणगेरे, हावेरी, गदग बाईपास, बादामी, बागलकोट, आलमट्टी और बसवन बागेवाड़ी रोड होते हुए विजयपुर पहुंच रही है।
स्थायी सेवा बनाने की मांग
मंत्री एम.बी. पाटिल ने नई बाईपास रेल सेवा पर खुशी जताते हुए इसे स्थायी रूप से जारी रखने की मांग की है। वहीं गुलेदगुड्ड रोड स्टेशन पर भी ट्रेन के ठहराव की मांग जोर पकड़ रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

