30 राज्यों की प्रतिभागियों को पछाड़कर हासिल की जीत; अब मिस वर्ल्ड में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
कारवार . भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह में साध्वी सैल ने ‘फेमिना मिस इंडिया 2026’ का ताज अपने नाम कर इतिहास रच दिया। किट ((कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी) के विशाल परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 30 राज्यों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए साध्वी विजेता बनीं। महज तीन महीने की तैयारी में इस मुकाम तक पहुंचना उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण माना जा रहा है।
साध्वी की इस उपलब्धि पर उनके पिता सतीश सैल भावुक नजर आए और उन्होंने अपनी खुशी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तथा उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ साझा की। यह जीत न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उत्तर कन्नड़ जिले के लिए गर्व का क्षण बन गई है।
शैक्षणिक रूप से भी साध्वी का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा कारवार के सदाशिवगढ़ स्थित ‘अम्मा स्कूल’ से पूरी की, इसके बाद बेंगलूरु में प्री-यूनिवर्सिटी (पीयू) शिक्षा प्राप्त की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय से इकोनॉमिक्स और मार्केटिंग में डिग्री हासिल की।
हालांकि उनका जन्म गोवा में हुआ, इसी कारण उन्होंने प्रतियोगिता में गोवा का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन उनकी जड़ें कारवार की मिट्टी से जुड़ी रही हैं। समारोह में किट के संस्थापक अच्युत समंता ने उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया, जबकि पूर्व विजेता निखिता पोर्वाल और रेखा पांडे ने उन्हें ताज पहनाया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ साध्वी सैल अब 2027 में होने वाली मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके इस सफर ने न केवल कर्नाटक बल्कि पूरे देश में उत्साह का माहौल बना दिया है।
वहीं, इसी प्रतियोगिता में कर्नाटक की खुशी रमेश कलकेरी ने टॉप-15 में जगह बनाकर राज्य का गौरव बढ़ाया। अब सभी की नजरें साध्वी पर टिकी हैं कि वह विश्व मंच पर भी भारत का नाम रोशन करें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
