धारवाड़ केंद्रीय कारागार में बंदियों के पुनर्वास पर जोर
जैविक खाद, थैले और लिफाफे बनाने का प्रशिक्षण शुरू
महानिदेशक आलोक कुमार ने सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्था परखी
धारवाड़। जेल की चारदीवारी के भीतर बंदियों को केवल सजा काटने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोडऩे की पहल की जा रही है। धारवाड़ केंद्रीय कारागार में बंदियों के कौशल विकास और व्यक्तित्व परिवर्तन के लिए नए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के महानिदेशक आलोक कुमार ने इन कार्यक्रमों का उद्घाटन करते हुए बंदियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर बेहतर नागरिक बनने का आह्वान किया।
रूडसेट संस्थान, धारवाड़ के सहयोग से बंदियों को जैविक खाद तैयार करने, थैले और लिफाफे बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महानिदेशक ने कहा कि कारागार में संचालित प्रत्येक प्रशिक्षण और सुधारात्मक गतिविधि बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर है। इसका सदुपयोग कर वे हुनर सीखें, आत्मनिर्भर बनें और रिहाई के बाद सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ें।
अच्छे आचरण पर विशेष माफी
महानिदेशक ने अच्छे आचरण वाले बंदियों को विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कारागार में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए बंदियों से कर्मचारियों के साथ सहयोग करने को कहा। कारागार की भजन मंडली की प्रस्तुति की सराहना करते हुए विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बंदियों को विशेष माफी भी प्रदान की।
सुरक्षा और गुणवत्ता पर भी जोर
दौरे के दौरान आलोक कुमार ने कारागार की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। कारागार के कारखाने में तैयार उत्पादों की गुणवत्ता परखी और उसे बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, समयपालन और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निभाने की हिदायत दी। बाद में उन्होंने केंद्रीय कारागार के अधिकारियों तथा कर्नाटक राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की।
इस अवसर पर कारागार उपमहानिरीक्षक टी.पी. शेष, सुरक्षा बल के सहायक कमांडेंट मल्लिकार्जुन, केंद्रीय कारागार अधीक्षक रघुपति सी.जे., सहायक अधीक्षक एन.एस. शिवकुमार, हावेरी जिला कारागार अधीक्षिका नागरत्ना दाश्याल और हुब्बल्ली तालुक उपकारागार अधीक्षक शहाबुद्दीन के. सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

