एशियन गेम्स की भारतीय टीम में भद्रावती की पोल वॉल्ट खिलाड़ी सिंधुश्री को जगह
दावणगेरे। शिवमोग्गा जिले के भद्रावती की पोल वॉल्ट खिलाड़ी जी. सिंधुश्री ने कहा कि “एशियन गेम्स में हिस्सा लेने का मौका जरूर मिलेगा, यह अटूट विश्वास था। मेरा विश्वास गलत साबित नहीं हुआ। अब मेरे सामने सिर्फ एक लक्ष्य है—जापान में अपना पहला पदक जीतकर तिरंगा लहराना। इसके लिए मैं पूरी ताकत लगा दूंगी।
एशियन गेम्स में चयन होगा या नहीं, इसे लेकर असमंजस में चल रही सिंधुश्री अब पूरी तरह आश्वस्त हैं। बुधवार को घोषित भारत की अंतिम 77 सदस्यीय एथलीट टीम में उन्हें स्थान मिला है।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रचा था रिकॉर्ड
साधारण परिवार में पली-बढ़ी 25 वर्षीय सिंधुश्री ने जून में भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने 4.25 मीटर की ऊंचाई पार कर भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा एशियन गेम्स के लिए निर्धारित 4.10 मीटर के क्वालिफाइंग मार्क को पार किया था।
हालांकि, ट्रैक एंड फील्ड की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रत्येक देश से अधिकतम दो खिलाड़ियों को ही एशियन गेम्स में भेजने के नियम के कारण पहली सूची में उनका नाम नहीं था।
सिंधुश्री ने कहा कि “पहली सूची में जगह नहीं मिलने पर स्वाभाविक रूप से निराशा हुई थी, लेकिन मैंने हिम्मत नहीं हारी। बचपन से ही संघर्ष करते हुए इस मुकाम तक पहुंची हूं। विश्वास था कि किसी न किसी दिन मेहनत का फल जरूर मिलेगा। अब वह विश्वास सच हो गया है।”
तीन महीने से कड़ी तैयारी
राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के प्रदर्शन ने सिंधुश्री के खेल करियर को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए पिछले तीन महीने से बेंगलूरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में कड़ी ट्रेनिंग कर रही हैं। राज्य सरकार की ओर से हाल ही में उन्हें नया पोल भी उपलब्ध कराया गया है, जिसकी मदद से वह अपनी क्षमता और तकनीक को और बेहतर बनाने में जुटी हैं।
12 सितंबर को जापान रवाना होंगी
सिंधुश्री के अनुसार, वह 12 सितंबर को भारतीय टीम के साथ जापान रवाना होंगी। वहां 13 से 18 सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने माना कि चीन की खिलाड़ियों से मुकाबला आसान नहीं होगा। इसके लिए कोच एम.एम. विजेश के मार्गदर्शन में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सिंधुश्री ने विश्वास जताया कि “मैं पूरी मेहनत करूंगी और पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने का प्रयास करूंगी।”
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

