मुल्की के कोरदब्बु मंदिर में वारदात, 11 किलो चांदी और 5 पवन सोना ले गए चोर
मेंगलूरु। जिले के मुल्की थाना क्षेत्र के किलपाडी गांव स्थित कोरदब्बु मंदिर में चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर लाखों रुपए के चांदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में दैव का चांदी का मुखौटा, चांदी के कवच वाली तलवार, चांदी की कमरपट्टियां और सोने के आभूषण शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 14.95 लाख रुपए है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी किशोर ने 1 सितंबर की शाम नियमित पूजा-अर्चना की थी। शाम करीब 6 बजे पूजा पूरी करने के बाद उन्होंने करीब 7 बजे मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगाया और घर चले गए। उस समय दैव के सभी आभूषण गर्भगृह में ही रखे हुए थे।
अगली सुबह 2 सितंबर को करीब 7 बजे जब पुजारी पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ जमीन पर पड़ा मिला। अंदर जाकर जांच करने पर गर्भगृह में रखे दैव के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई।
6 किलो का चांदी का मुखौटा भी ले गए
चोर करीब 6 किलो वजन का चांदी का मुखौटा चोरी कर ले गए। मुखौटे पर सोने की जीभ, मूंछ, सूर्य-चंद्र आकृति का पदक, आंखों और भौंहों सहित कई स्वर्ण अलंकरण लगे हुए थे। इसके अलावा करीब 1 किलो वजन की चांदी के कवच वाली तलवार भी चोरी हुई है।
चोरों ने करीब 4 किलो वजन की दो चांदी की कमरपट्टियां भी चुरा लीं। शिकायत के अनुसार, कुल करीब 11 किलो चांदी और 5 पवन सोने के आभूषण चोरी हुए हैं।
12 घंटे के दौरान चोरी की आशंका
पुलिस के अनुसार, चोरी 1 सितंबर की शाम 7 बजे से 2 सितंबर की सुबह 7 बजे के बीच हुई होने की संभावना है। आशंका है कि चोरों ने किसी उपकरण की मदद से मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया।
घटना के संबंध में मुल्की पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चोरी में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से छानबीन की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

