लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
बेलगावी. घटप्रभा जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते हिडकल (घटप्रभा) जलाशय में पानी का प्रवाह भारी मात्रा में बढ़ गया है।
जलाशय पहले ही 99.8 प्रतिशत तक भर चुका है और पानी का स्तर लगातार ऊपर जा रहा है। कुल 2175 फीट की अधिकतम क्षमता वाले इस जलाशय में वर्तमान में 2174.667 फीट पानी संग्रहित है।
अधिकारियों ने बताया कि जलाशय में इस समय 13,337 क्यूसेक पानी का प्रवाह हो रहा है। सतर्कता बरतते हुए प्रारंभिक रूप से जलाशय से 6,000 क्यूसेक पानी घटप्रभा नदी में छोड़ा जाएगा। यदि प्रवाह और बढ़ा तो लगभग 20,000 क्यूसेक तक पानी नदी में छोड़ा जाएगा।
इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने घटप्रभा नदी और हिरण्यकेशी नदी के किनारे बसे सभी गांवों के निवासियों से अपने मवेशियों सहित सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की है।

