विजयनगर. जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कूड्लिगी कस्बे के बाहरी क्षेत्र में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-50 पर हुआ, जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया।
बेंगलूरु से कूड्लिगी की ओर जा रहा एक टीटी (ट्रैवलर) वाहन पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन में सवार यात्री बुरी तरह घायल हो गए।
युवक की मौके पर मौत
इस हादसे में आंध्र प्रदेश के रहने वाले 27 वर्षीय युवक मधु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह रिलायंस डिजिटल कंपनी में कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन से परिवार और मित्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
घायलों का इलाज जारी
दुर्घटना में घायल 12 लोगों को तत्काल कुद्लिगी सरकारी अस्पताल और बल्लारी ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कूड्लिगी के डीवाईएसपी मल्लेश दोडमनी और सीपीआई प्रल्हाद चन्नगिरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
पुलिस जांच शुरू
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, ट्रक चालक की लापरवाही इस दुर्घटना का मुख्य कारण हो सकती है। इस संबंध में कूड्लिगी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
