200 घरों को सप्ताह में दो बार महज 15-20 मिनट पानी
टैंकर की मांग अनसुनी, खेतों के बोरवेल से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण
होलेहोन्नूर (शिवमोग्गा)। होलेहोन्नूर के निकट अगसनहल्ली गांव में पेयजल संकट गंभीर हो गया है। करीब 200 घरों की आबादी वाले गांव में सप्ताह में केवल दो बार पानी की आपूर्ति हो रही है और वह भी 15-20 मिनट तक। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को निजी खेतों के बोरवेल से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। कई लोग रोजमर्रा के काम छोडक़र ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से पानी जुटाने को मजबूर हैं।
भूजल स्तर गिरने से संकट और गहरा गया है। सीमित पानी के लिए ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति भी बनने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की मांग ग्राम पंचायत के समक्ष कई बार रखी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गांव के अधिकांश लोग सुपारी के बागानों में मजदूरी करते हैं। पानी की किल्लत से खेती-किसानी के काम प्रभावित होने के साथ मजदूरों की उपलब्धता पर भी असर पड़ रहा है।
भद्रा नदी का पानी शुद्ध कर दें
ग्रामीण परसप्पा ने कहा कि गांव में दो बोरवेल होने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। भद्रा जलाशय से नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने से स्थिति और बिगड़ी है। उन्होंने नए बोरवेल खुदवाने अथवा भद्रा नदी का पानी शुद्ध कर पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
एक सप्ताह में समाधान का भरोसा
शिवमोग्गा ग्रामीण विधायक शारदा पूर्यानायक ने कहा कि समस्या को मंत्री ईश्वर खंड्रे और कार्यकारी अधिकारी आशालता के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने एक सप्ताह में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

