अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी का आरोप
पांच दिन की पुलिस रिमांड
उडुपी. उडुपी शहर पुलिस ने रियल एस्टेट निवेश के नाम पर 70 लाख रुपए की कथित ठगी, ब्लैकमेल और जान से मारने की धमकी देने के मामले में जीनत इब्राहिम नामक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी को विशेष पुलिस दल ने पडुबिद्री के निकट कंचिनडका क्षेत्र से गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे आगे की पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
निवेश का झांसा देकर ठगी का आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, उडुपी के एक रियल एस्टेट कारोबारी की आरोपी से पहचान होने के बाद दोनों ने मिलकर एक रियल एस्टेट कार्यालय शुरू किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला ने भूमि खरीद में निवेश का भरोसा देकर उनसे 70 लाख रुपए लिए, लेकिन राशि का उपयोग परियोजना में करने के बजाय अपने निजी उद्देश्यों के लिए कर लिया।
ब्लैकमेल और धमकी के आरोप
शिकायत में कहा गया है कि जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित रूप से और पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देने, आपत्तिजनक वीडियो होने का दावा कर ब्लैकमेल करने तथा शिकायतकर्ता की पत्नी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
अन्य पहलुओं की भी जांच
शिकायतकर्ता का दावा है कि पुराने कार्यालय से कुछ गोपनीय दस्तावेज और पेन ड्राइव मिले, जिनमें कथित रूप से कुछ प्रभावशाली लोगों के निजी फोटो और वीडियो थे। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। इसके अलावा, आरोपी के साथ अन्य लोगों के मिलकर ब्लैकमेल के जरिए अवैध वसूली करने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
पीडि़तों से आगे आने की अपील
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी आरोपी द्वारा कथित धोखाधड़ी, ब्लैकमेल या ठगी की गई हो तो वे उडुपी शहर पुलिस से संपर्क कर जानकारी दें। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
